ईकोसिस्टम डेवलपमेंट
फोर्ब्स फाउंडेशन द्वारा समर्थित

सामाजिक संगठन अपनी पहचान और भरोसा कैसे बनाएं?

कम बजट में भी छोटे सामाजिक संगठन अपनी ब्रांडिंग और पहचान मज़बूत कर सकते हैं। प्रभावी संचार, डिजिटल माध्यमों और सही रणनीति से लोगों के साथ भरोसा बनाने और अपने काम को बेहतर ढंग से सामने लाने की शुरुआत की जा सकती है।

फोर्ब्स फाउंडेशन द्वारा समर्थित क्षमता वर्धन (कैपेसिटी बिल्डिंग) पर आधारित सात लेखों की यह श्रृंखला ज़मीनी संस्थाओं के काम के असर को बेहतर बनाने के लिए ज़रूरी बातों पर ध्यान देती है। इसका उद्देश्य संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों को ऐसी आसान और उपयोगी जानकारी देना है, जिससे वे अपने नेतृत्व, अंदरूनी व्यवस्थाओं, काम करने के तरीकों और संसाधनों को बेहतर बना सकें।

पूरी सीरीज यहां देखें
IDR Hindi Instagram

विकास क्षेत्र में काम करने वाले सामाजिक संगठनों के लिए यह ज़रूरी है कि वे जिन समस्याओं पर काम करते हैं, उनके बारे में स्पष्ट हों। लेकिन इसके साथ ही लोगों में भी आपके काम, उद्देश्य और काम करने के तरीके की वैसी ही समझ होनी ज़रूरी है जैसी आपकी है। 

अगर कोई संगठन वर्षों से समुदायों के साथ काम कर रहा हो, लेकिन केवल उससे सीधे तौर पर जुड़े लोगों को ही उसके काम की जानकारी हो, तो इससे उसके अनुभव और सीख का व्यापक स्तर पर इस्तेमाल नहीं हो पाता है। 

यही बात ग्रामीण उद्यमों पर भी लागू होती है। अगर कोई उद्यमी अच्छा उत्पाद बना रहा हो, लेकिन ग्राहक यह न समझ पाएं कि उसका उत्पाद दूसरों से अलग क्यों है, तो उसके लिए बाज़ार में अपनी अलग पहचान बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

इन दोनों उदाहरणों से एक सवाल उठता है: लोग किसी संगठन या उद्यम को किस रूप में पहचानते हैं और किन वजहों से उसके साथ जुड़ने का फैसला करते हैं? इसका जवाब आपको ब्रांडिंग में मिलता है। 

ब्रांडिंग को अक्सर लोगो, रंग, डिज़ाइन या प्रचार से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन सामाजिक संगठनों के संदर्भ में इसका अर्थ इससे कहीं ज़्यादा व्यापक है। यह किसी संगठन की पहचान को स्पष्ट करने की प्रक्रिया है, जिसके आधार पर लोग उसके उद्देश्य, मूल्यों, काम करने के तरीके और उसकी विश्वसनीयता को समझते हैं। लोगो और विज़ुअल पहचान किसी ब्रांड को सामने लाने में मदद तो करते हैं, लेकिन केवल इन्हीं से ब्रांड की पूरी पहचान नहीं तय होती।

ब्रांडिंग और संचार में बुनियादी फर्क 

ब्रांडिंग और संचार एक-दूसरे से जुड़े हैं, लेकिन दोनों का मकसद अलग है। ब्रांडिंग यह स्पष्ट करने में मदद करती है कि किसी संगठन की पहचान क्या है, वह किस उद्देश्य से काम करता है, उसकी खासियत क्या है और वह किस रूप में पहचाना जाना चाहता है। वहीं, कम्युनिकेशन यानी संवाद यह तय करता है कि उस पहचान को अलग-अलग माध्यमों और अवसरों पर बार-बार लोगों तक किस तरह पहुंचाया जाता है।

सेल्को फाउंडेशन के साथ मिलकर चलाए जा रहे हमारे क्लाइमेट लाइवलीहुड्स प्रोग्राम से जुड़े दो उद्यम इस अंतर को समझने में मदद करते हैं। कर्नाटक के श्री शारदा होम फूड्स और असम के त्रिनयन ग्रामीण फूड प्रोडक्ट्स ने अपने फ्लायर्स और लेबल तैयार हो जाने के बाद नए उत्पाद बाज़ार में उतारे। इसके बावजूद, उनकी ब्रांडिंग में बदलाव करने की ज़रूरत नहीं पड़ी, क्योंकि ग्राहकों को पहले से ही पता था कि खाना किसका बनाया हुआ है और ग्राहक किन बातों के लिए उन पर भरोसा कर सकते हैं। बदलाव सिर्फ कम्युनिकेशन में करना था। इसलिए, नए उत्पादों को शामिल करने के लिए फ्लायर की सामग्री में संशोधन किया गया, जबकि ब्रांड की पहचान को दोबारा डिज़ाइन करने की ज़रूरत नहीं पड़ी।

इसलिए ब्रांडिंग को केवल बाहरी प्रस्तुति का मामला नहीं माना जाना चाहिए। यह संगठन को अपनी पहचान स्पष्ट करने और उस पहचान को अपने काम के अलग-अलग पहलुओं में एक समान रूप से व्यक्त करने में मदद करती है।

ज़मीन पर बैठकर काम करते कुछ लोग_ब्रांडिंग
ब्रांडिंग को अक्सर लोगो, रंग, डिज़ाइन या प्रचार से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन सामाजिक संगठनों के संदर्भ में इसका अर्थ इससे कहीं ज़्यादा व्यापक है। | चित्र साभार: समवा कलेक्टिव

यही वजह है कि हम शुरुआत से ही स्पष्टता पर ज़ोर देते हैं। जब किसी उद्यम या संगठन को अपने मकसद और मूल्यों की स्पष्ट समझ होती है, तो वह अपनी विशिष्ट पहचान और आवाज़ को बनाए रखते हुए नया उत्पाद या फ्लायर पेश कर सकता है या सोशल मीडिया पर नई पोस्ट डाल सकता है।

संगठन की पहचान क्या है और वह किसके लिए काम करता है यह स्पष्ट करें

ब्रांडिंग शुरू करने से पहले किसी भी संगठन को संगठन की पहचान और उसके काम की दिशा जैसे कुछ बुनियादी सवालों पर विचार करना चाहिए। नीचे दिए गए सवालों को ध्यान में रखते हुए ब्रांडिंग करें:

पहला सवाल: आपका संगठन किस समस्या पर काम करता है और आपका दृष्टिकोण क्या है?

कई सामाजिक संगठन शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, पर्यावरण या महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर काम करते हैं। लेकिन किसी एक मुद्दे पर काम करने भर से किसी संगठन की अलग पहचान नहीं बन जाती। यह स्पष्ट करना ज़रूरी है कि संगठन उस समस्या को किस तरह समझता है और उसके समाधान के लिए क्या तरीके अपनाता है।

दूसरा सवाल: आपका संगठन दूसरे संगठनों से कैसे अलग है?

यह अंतर किसी विशेष क्षेत्र की गहरी समझ, समुदाय के साथ काम करने के तरीके, स्थानीय नेतृत्व को बढ़ावा देने या किसी विषय में लंबे अनुभव के कारण हो सकता है। इसका मतलब दूसरे संगठनों से बेहतर होने का दावा करना नहीं है, बल्कि अपनी वास्तविक विशेषज्ञता और योगदान को पहचानना है।

तीसरा सवाल: आप लोगों को अपने संगठन की कौन सी बात याद रखवाना चाहते हैं?

यदि समुदाय का कोई सदस्य, फंडर या संभावित साझेदार संगठन के बारे में केवल एक बात याद रखे, तो वह क्या होनी चाहिए? इस सवाल पर विचार करने से संगठन को अपनी पहचान को सरल और स्पष्ट रूप से व्यक्त करने में मदद मिल सकती है।

चौथा सवाल: क्या दूसरे लोग भी आपको उसी रूप में देखते हैं, जिस रूप में आप खुद को देखते हैं?

संगठन अपनी पहचान को लेकर स्पष्ट हो सकता है, लेकिन यह ज़रूरी नहीं कि समुदाय, साझेदार और फंडर भी उसे उसी तरह समझते हों। इसलिए टीम के भीतर चर्चा करने के साथ-साथ उन लोगों से भी प्रतिक्रिया लेना ज़रूरी है, जिनके साथ संगठन काम करता है।

इन्हीं सवालों के इर्द-गिर्द हमने तमिलनाडु में ध्वनि फाउंडेशन के समूह में शामिल गैर-सरकारी संगठनों के साथ दो चरणों में काम किया।

पहले चरण में, डिज़ाइन का काम शुरू होने से पहले हर संगठन से अपनी भाषा में कुछ छोटे-छोटे सवालों के जवाब देने को कहा गया। जैसे – अब तक वह खुद को किस तरह प्रस्तुत करता रहा है? उसके होने का उद्देश्य क्या है? वह किन लोगों के लिए काम करता है? क्या उसकी कोई टैगलाइन है? वह किस भाषा में काम करता है? इससे हमें यह समझने में मदद मिली कि हर संगठन की शुरुआत कहां से हो रही है और वह खुद को किस तरह देखता है।

ज़मीन पर बैठी दो महिलाओं के सामने रखी कुछ चीजें_ब्रांडिंग
संगठनों के ओरिएंटेशन की शुरुआत इस सवाल से हुई: जब लोग आपके संगठन का नाम सुनें, तो आप चाहते हैं कि वे कौन-सी एक भावना महसूस करें? | चित्र साभार: समवा कलेक्टिव

इसके बाद, संगठनों के ओरिएंटेशन की शुरुआत इस सवाल से हुई: जब लोग आपके संगठन का नाम सुनें, तो आप चाहते हैं कि वे कौन-सी एक भावना महसूस करें?

यही अभ्यास हमने उनके मौजूदा संचार माध्यमों जैसे बैनर, स्टैंडी और दस्तावेज़ों पर चर्चा करवाकर किया और यह समझने की कोशिश की कि वे इनके ज़रिए लोगों तक क्या संदेश पहुंचा रहे हैं। साथ ही, यह भी समझने की कोशिश की कि क्या इन माध्यमों से मिलने वाला संदेश उस भावना से मेल खाता है, जिसे संगठन लोगों के मन में पैदा करना चाहता है।

इन सवालों के जवाब आपको संगठन की ब्रांडिंग की बुनियाद तैयार करने में मदद कर सकते हैं। इनके बिना सोशल मीडिया पर काम शुरू कर देने से लोगों में संगठन की एक आकर्षक छवि तो बन सकती है, लेकिन ज़रूरी नहीं कि संगठन की पहचान भी स्पष्ट हो जाए।

ब्रांडिंग केवल लोगों तक सीमित नहीं है

किसी संगठन की विज़ुअल पहचान उसके ब्रांड का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। इसका नाम, लोगो, रंग, फॉन्ट, तस्वीरों की शैली और दस्तावेज़ों के डिज़ाइन लोगों को उस संगठन को पहचानने में मदद करते हैं। जब इन सभी का इस्तेमाल लगातार एक जैसे तरीके से होता है, तो संगठन को पहचानना लोगों के लिए आसान हो जाता है। लेकिन ब्रांडिंग का मतलब केवल एक जैसा दिखना नहीं है। यह संगठन के बारे में एक स्पष्ट और विश्वसनीय समझ बनाने से जुड़ा है।

हमारे द्वारा आयोजित एक बूटकैंप के दौरान, कर्नाटक की एक उद्यमी ने अपने लिए तैयार किए गए शुरुआती लोगो डिज़ाइन को देखा और उसे मंज़ूरी भी दे दी। लेकिन बूटकैंप के बाद, जब उन्होंने दूसरे संगठनों के लोगो देखे और अन्य उद्यमियों को अपने ब्रांड के अर्थ और महत्त्व के बारे में बात करते सुना, तो वे दोबारा हमारे पास आईं। वे चाहती थीं कि उनके लोगो में उनकी खुद की तस्वीर हो। 

ब्रांडिंग के लिए इनसे आगे जाकर यह समझना भी ज़रूरी है कि समुदाय किसी पहल को कैसे देखता है, स्थानीय लोग किन फैसलों में भाग लेते हैं और काम के दौरान कौन-सी सीख सामने आती है।

ऐसा नहीं था कि वे पहले लोगो से खुश नहीं थीं। बल्कि, दूसरे उद्यमियों के अनुभवों को सुनकर उन्हें यह समझ आया कि एक लोगो में उनकी पहचान और उनके काम की कहानी को कहीं अधिक गहराई से व्यक्त किया जा सकता है।

यह डिज़ाइन से जुड़ा एक छोटा-सा फैसला था, लेकिन इसने अपने उद्यम के बारे में सोचने और बात करने के उनके तरीके को प्रभावित किया। इस तरह का बदलाव प्रशिक्षण कक्ष में, साथियों के बीच होने वाली बातचीत में नज़र आता है। इसे दूर से देख पाना या प्रशिक्षण की किसी सामान्य रिपोर्ट में महसूस करना मुश्किल होता है।

ज़मीनी काम को अपनी ब्रांड-पहचान का हिस्सा बनाएं

कई सामाजिक संगठनों में ज़मीनी स्तर पर किए जाने वाले काम और उसके संचार को अलग-अलग गतिविधियों के रूप में देखा जाता है। फील्ड टीम समुदायों के साथ काम करती है, जबकि संचार से जुड़ी टीम बाद में उनसे जानकारी लेकर कहानियां, रिपोर्ट या पोस्ट तैयार करती है।

इस प्रक्रिया में कई बार परिणाम कैसे हासिल हुए, समुदाय की क्या भूमिका रही और काम के दौरान संगठन ने क्या सीखा से आगे संगठन के ज़मीनी काम के महत्वपूर्ण पहलू सामने नहीं आ पाते।

ब्रांडिंग के लिए इनसे आगे जाकर यह समझना भी ज़रूरी है कि समुदाय किसी पहल को कैसे देखता है, स्थानीय लोग किन फैसलों में भाग लेते हैं और काम के दौरान कौन-सी सीख सामने आती है।

उद्यमियों के साथ बातचीत से हमें यह एहसास हुआ कि उनके अनुभवों को दर्ज करने के साथ इस पर सोचना भी बहुत उपयोगी होगा कि उन्हें किस तरह प्रस्तुत किया जाए। क्योंकि ऐसे अनुभव केवल किसी कार्यक्रम के तहत की गई गतिविधियों का विवरण नहीं होते। वे यह समझने में मदद करते हैं कि काम के पीछे कौन-से विचार, निर्णय और प्रक्रियाएं होती हैं।

जब किसी संगठन की कहानियों और प्रस्तुतियों में ये पहलू लगातार सामने आते हैं, तो लोगों के लिए उसके काम करने के तरीके और संस्था की विशेष पहचान को समझना आसान हो सकता है।

सीमित बजट में ब्रांडिंग कैसे शुरू करें?

छोटे संगठनों को अपने वार्षिक बजट में ब्रांडिंग के लिए कम से कम एक छोटी-सी, नियमित राशि निर्धारित करनी चाहिए। इससे आपको ब्रांडिंग की याद केवल तब नहीं आएगी जब कोई फंडर आपसे नई प्रेज़ेंटेशन या डेक तैयार करने के लिए कहे। इसके लिए बहुत बड़े बजट की आवश्यकता नहीं है।

एक कमरे में बैठे कुछ लोग_ब्रांडिंग
असल में, ब्रांडिंग के शुरुआती कई कदमों में पैसों से ज़्यादा समय और ध्यान देने की ज़रूरत होती है। | चित्र साभार: समवा कलेक्टिव

प्राथमिकता में इन चीज़ो से शुरुआत की जा सकती है – 

1. अपने संगठन का परिचय एक वाक्य में तैयार करे 

संगठन किस समस्या पर काम करता है, किन लोगों के साथ काम करता है और उसका दृष्टिकोण क्या है? इन बातों को सरल भाषा में व्यक्त करने की कोशिश करें। इस परिचय का इस्तेमाल आप अपनी वेबसाइट, प्रस्तावों, प्रस्तुतियों और संचार की अन्य सामग्रियों में कर सकते हैं। 

2. एक वेबसाइट बनाएं 

फंडर, साझेदार और समुदाय संगठन के बारे में जानकारी लेने के लिए अक्सर उसकी वेबसाइट पर जाते हैं। आज के समय में वेबसाइट बनाने के लिए बड़े बजट या पूरी टीम की ज़रूरत नहीं है। एआई टूल्स की मदद से एक छोटी-सी टीम भी एक साफ़-सुथरी और सरल वेबसाइट तैयार कर सकती है, जिसमें संगठन का परिचय, उसके काम का विवरण और संपर्क की जानकारी हो। वेबसाइट पर खर्च करने से ज़्यादा ज़रूरी है कि उसकी सामग्री अच्छी हो। जैसे संगठन के काम का ईमानदार विवरण, वास्तविक तस्वीरें और स्पष्ट भाषा।

3. अपनी पहचान को काम के उदाहरणों से सामने लाएं

समुदाय की आवाज़, फील्ड से मिली सीख, टीम के अनुभव और संगठन के काम करने के तरीके को दर्ज करें। इन अनुभवों को केवल गतिविधियों की सूची बनाने के बजाय इस तरह प्रस्तुत करें कि संगठन की सोच और विशिष्टता भी सामने आए।

4. एक व्यावहारिक व्यवस्था बनाएं (कुछ बुनियादी टेम्पलेट बनाएं और एक व्यक्ति को ज़िम्मेदारी दें)

दस्तावेज़ों और प्रेज़ेंटेशन के लिए सरल टेम्पलेट तैयार करें और टीम के किसी एक सदस्य को यह ज़िम्मेदारी दें कि वह अपने अन्य कामों के साथ-साथ संगठन की ब्रांडिंग में एकरूपता बनाए रखे।

असल में, ब्रांडिंग के शुरुआती कई कदमों में पैसों से ज़्यादा समय और ध्यान देने की ज़रूरत होती है। उदाहरण के लिए, हमारे प्रशिक्षण सत्रों में हम उद्यमियों को सिखाते हैं कि वे स्मार्टफोन से अपने उत्पादों की तस्वीरें खुद कैसे खींच सकते हैं और मुफ़्त एप्स की मदद से उन्हें कैसे एडिट कर सकते हैं।

आपका ब्रांड एक वादा है

हमने ध्वनि फाउंडेशन के साथ मिलकर एनजीओ क्षमता-वर्धन कोहोर्ट में सहयोग किया। कार्यशाला के प्रारूप में आयोजित ओरिएंटेशन सत्र के बाद, टीमों को अपनी ब्रांडिंग सामग्रियों को एक नए नज़रिये से देखने और यह परखने का अवसर मिला कि क्या ये सामग्रियां वही संदेश दे रही हैं, जो उनके संगठन लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

जिन छोटे संगठनों और उद्यमों के पास शुरुआत में विशेषज्ञों की मदद लेने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होते, उनके लिए ऐसा कोहोर्ट-आधारित मॉडल एक उपयोगी विकल्प हो सकता है। इस मॉडल में कई संगठन एक साथ सीखते हैं और अपनी समझ विकसित करते हैं। इससे वे हर बार बाहरी विशेषज्ञों पर निर्भर रहने के बजाय, अपने भीतर ही ब्रांडिंग से जुड़े ज़रूरी कौशल और आत्मविश्वास विकसित कर सकते हैं। साथ ही, उन्हें दूसरे संगठनों के अनुभवों से सीखने और अपने विचारों को बेहतर बनाने के लिए पीयर लर्निंग यानी अपने साथियों के साथ सीखने के अवसर भी मिलते हैं।

कुल मिलाकर, सामाजिक संगठनों के लिए ब्रांडिंग का महत्व उनकी सार्वजनिक छवि को आकर्षक बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक वादा है जो आपकी विश्वसनीयता बनाने की एक महत्वपूर्ण बुनियाद है। जब कोई फंडर यह तय करता है कि वह किसी संगठन के साथ अपना सहयोग जारी रखे या नहीं, या कोई समुदाय यह निर्णय लेता है कि वह किसी कार्यक्रम में भाग लेना चाहता है या नहीं, तो संगठन की पहचान, उसके काम को प्रस्तुत करने का तरीका और उसके द्वारा दिए जाने वाले संदेश इस निर्णय को प्रभावित कर सकते हैं।

–

अधिक जानें

  • जानिए, फंडर की भाषा! इन 10 शब्दों से शुरुआत करें
  • जानिए, बिना बड़े बजट के, बड़े संवाद की शुरुआत कैसे करें?
  • जानिए, ब्रांडिंग क्या होती है?

लेखक के बारे में

  • रेन्ज़ा कलारिक्कंडी मालियेक्कल, बेंगलुरु स्थित समवा कलेक्टिव की संस्थापक हैं। यह एक कम्युनिकेशन और क्रिएटिव कलेक्टिव है, जो ग्रामीण, सूक्ष्म और लघु उद्यमों, महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों और विकास संगठनों के साथ मिलकर काम करता है। उन्होंने पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर मुहस्सिन संथिपुरथ के साथ मिलकर संवाद कलेक्टिव की स्थापना की। यह कलेक्टिव स्थानीय भाषाओं में क्षमता निर्माण के ज़रिए ब्रांडिंग और कहानी कहने की प्रक्रिया को अधिक लोकतांत्रिक और सुलभ बनाने की दिशा में काम करता है। रेन्ज़ा इरास्मस यूनिवर्सिटी, रॉटरडैम के इरास्मस स्कूल ऑफ फिलॉसफी में पीएचडी की शोधार्थी भी हैं।

फोर्ब्स फाउंडेशन द्वारा समर्थित क्षमता वर्धन (कैपेसिटी बिल्डिंग) पर आधारित सात लेखों की यह श्रृंखला ज़मीनी संस्थाओं के काम के असर को बेहतर बनाने के लिए ज़रूरी बातों पर ध्यान देती है। इसका उद्देश्य संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों को ऐसी आसान और उपयोगी जानकारी देना है, जिससे वे अपने नेतृत्व, अंदरूनी व्यवस्थाओं, काम करने के तरीकों और संसाधनों को बेहतर बना सकें।

पूरी सीरीज यहां देखें
IDR Hindi Instagram